New York Subway Shooting: मंगलवार को ब्रुकलिन मेट्रो स्टेशन पर हुई सामूहिक गोलीबारी के मामले में संदिग्ध 62 वर्षीय व्यक्ति फ्रैंक आर जेम्स को गिरफ्तार किया गया है। न्यूयार्क पुलिस आयुक्त ने आरोपी की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस सघन तलाशी अभियान के चलते संदिग्ध को करीब 24 घंटे के वक्त में गिरफ्तार किया है। ब्रुकलिन स्टेशन पर हुई गोलीबारी में करीब 23 लोग घायल हुए थे, जिसमें से 10 लोगों को गोली लगी थी।
न्यूयार्क के मेयर ने भी एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की बात की पुष्टि की है। आधिकारिक बयानों के मुताबिक आरोपी जेम्स को ईस्ट विलेज में गिरफ्तार किया गया है। न्यूयार्क पुलिस आयुक्त कीचंत सीवेल ने कहा कि आरोपी को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, बताया जा रहा है कि आरोपी गोलीबारी की वारदात को अंजाम देने के बाद घटनास्थल से ट्रेन के जरिए फरार हो गया। जिसके बाद वो एक स्थानीय ट्रेन के माध्यम से 25 वीं सड़क पर मेट्रो सिस्टम से बाहर निकल गया। बताया जा रहा है कि गोलीबारी के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपी जेम्स का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसे न्यूयार्क में ही पूर्व में नौ बार गिरफ्तार किया जा चुका है।
न्यूयॉर्क पुलिस के द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक, आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन घटनास्थल पर पुलिस को जांच के दौरान आरोपी से संबंधित सामान मिला था। जिसमे एक 9 मिमी सेमी-ऑटोमैटिक हैंडगन, 33 कारतूस के खोखे, 2 स्मोकगन और कुछ अन्य सामान बरामद किये गये।