Happy Birthday Rohit Sharma : भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा आज अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। वर्ल्ड क्रिकेट में रोहित को हिटमैन के नाम से जाना जाता है। अपने खेल के दम पर उन्होंने दुनियाभर में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। मौजूदा समय में रोहित तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और जून महीने में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित होने वाला है। इससे पहले उनके कुछ ऐसे रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं, जिसे तोड़ पाना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होने वाला है। आईए जानते हैं रोहित शर्मा के करियर के 5 सबसे बड़े रिकॉर्ड्स के बारे में…
वनडे में जहां टीमें 250 से 300 का स्कोर बना पाती हैं, वहीं रोहित शर्मा के नाम एक ही पारी में 264 रन बनाने का रिकॉर्ड है। रोहित ने साल 2014 में श्रीलंका के खिलाफ खेलते हुए ईडन गार्डन्स स्टेडियम में 173 गेंदों का सामना करते हुए 264 रनों की शानदार पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 33 चौके और 9 छक्के भी जड़े थे। रोहित का यह रिकॉर्ड अभी तक कोई बल्लेबाज नहीं तोड़ पाया है। रोहित के बाद न्यूज़ीलैंड के खिलाड़ी मार्टिन गुप्टिल ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ 223 गेंदों में 237 रनों की पारी खेली थी।
वनडे मुकाबलों में जहां कई क्रिकेटरों के लिए शतक लगाना बड़ी बात माना जाता है तो वहीं इस फॉर्मेट में रोहित शर्मा 3 बार दोहरा शतक लगा चुके हैं। उनका यह रिकॉर्ड अभी तक कोई अन्य बल्लेबाज नहीं तोड़ पाया है। पुरुष वनडे क्रिकेट में उन्होंने तीन बार यह कमाल किया है। अन्य किसी भी खिलाड़ी ने एक से अधिक बार दोहरा शतक नहीं लगाया है। इससे ये पता चलता है कि इस मुकाम तक पहुंचना कितना मुश्किल है।
वर्ल्ड कप खेलना हर खिलाड़ी का एक सपना होता है और रोहित ने वनडे वर्ल्ड कप में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जिसे तोड़ पाना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होने वाला है। 2019 वनडे वर्ल्ड कप में रोहित ने 9 मुकाबलों में पांच शतकों की मदद से 648 रन बनाए थे। रोहित ने श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 2015 वर्ल्ड कप में 4 शतक लगाए थे।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। उन्होंने 472 मुकाबलों में 562 छक्कों का अटूट रिकॉर्ड बनाया है। उनके बाद पावर-हिटर क्रिस गेल ने 483 मैचों में 553 छक्के लगाए हैं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि उनका यह रिकॉर्ड तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होने वाला है।
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 5 बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। रोहित को आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में से एक माना जाता है। बता दें कि धोनी की कप्तानी में भी चेन्नई सुपरकिंग्स ने 5 बार आईपीएल का खिताब जीता है।