Yashasvi Jaiswal Record : भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम ने 2-0 से बढ़त बना ली है। रविवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। दरअसल, जायसवाल साल 2024 में 1000 रन (इंटरनेशनल क्रिकेट) बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मुकाबले से पहले इस आंकड़े को छूने के लिए जायसवाल को सिर्फ 7 रन की जरूरत थी और पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर चौका लगाकार उन्होंने ये उपलब्धि हासिल कर ली।
22 साल के यशस्वी जायसवाल ने साल 2024 में 1000 रन पूरे कर लिए हैं वो एक कैलेंडर ईयर में 1000 रन बनाने वाले सबसे युवा भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। जायसवाल ने साल 2024 में टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल मैच को मिलाकर अभी तक कुल 13 मैच खेले हैं, जिसमें 63.93 की औसत और 94.54 के स्ट्राइक रेट के साथ उन्होंने 1023 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 5 अर्धशतक बनाए हैं। इससे पहले ये उपलब्धि विराट कोहली और दिनेश कार्तिक भी 22 साल की उम्र में हासिल कर चुके हैं।
19 वर्ष – सचिन तेंदुलकर (1992)
21 वर्ष – रवि शास्त्री (1983)
21 वर्ष – विनोद कांबली (1993)
21 वर्ष – सचिन तेंदुलकर (1994)
22 वर्ष – दिनेश कार्तिक (2007)
22 वर्ष – विराट कोहली (2010)
22 वर्ष – यशस्वी जायसवाल (2024)
इस लिस्ट में सबसे ऊपर नाम भारतीय टीम के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का है। वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में एक कैलेंडर ईयर में 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 19 साल की उम्र में साल 1992 में ये उपलब्धि हासिल की थी। वहीं, जायसवाल ने कोहली और दिनेश की बराबरी कर ली है। तीनों खिलाड़ियों ने 22 साल की उम्र में ये रिकॉर्ड बनाया है।