Bollywood Movie on Sports: देश हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाता है. यह दिन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है. इस दिन देश के राष्ट्रपति, राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार जैसे अवार्ड नामित लोगों को देते हैं. बीते कुछ सालों से खेल और सिनेमा का भी बेहद खास रिश्ता बनता जा रहा है। बॉलीवुड में ऐसी कई फिल्में हैं जो खेल और खिलाड़ियों पर बन चुकी हैं। खेल पर बनीं कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर काफी धमाल भी मचाया। राष्ट्रीय खेल दिवस पर हम आपको खेल पर आधारित बॉलीवुड फिल्मों से रूबरू करवाते हैं। मैरी कॉम एक भारतीय महिला मुक्केबाज हैं। उन्होंने देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया है। उनकी जिंदगी पर उन्हीं के नाम से एक फिल्म बनी, जिसमें प्रियंका चोपड़ा ने लीड रोल निभाया। इस मूवी में दिखाया गया कि गरीब किसान परिवार में जन्मीं मैरी ने बॉक्सिंग की दुनिया में कैसे अपनी पहचान बनाई। इस फिल्म को ओमंग कुमार ने डायरेक्ट किया था। दंगल- यह बॉलीवुड की ब्लॉकबास्टर फिल्मों में से एक हैं। इस फिल्म में अमिर खान, फातिमा सना शेख और सान्या मल्होत्रा मुख्य भूमिका में थीं। यह फिल्म साल 2016 में रिलीज हुई थी। फिल्म 'दंगल' भारत की पहली फ्रीस्टाइल पहलवान गीता फोगट की जिंदगी पर आधारित है जिसने राष्ट्रमंडल खेल में पहली बार गोल्ड मेडल जीता था। चक दे इंडिया- साल 2007 में रिलीज हुई इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर खूब तहलका मचाया था। इसमें दिखाया गया कि महिलाएं अपने दमखम से देश को गर्व महसूस कराने का जज्बा रखती हैं। इसमें शाहरुख खान ने कोच की भूमिका निभाई थी। इसे शिमित अमीन ने डायरेक्ट किया था। एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी- साल 2016 में रिलीज हुई इस बायोपिक में 'कैप्टून कूल' और 'माही' जैसे नामों से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी की जिंदगी के बारे में अनदेखी और अनसुनी कहानी दर्शायी गई थी। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें किस प्रकार के संघर्षों से गुजरना पड़ा था। उनकी निजी जिंदगी पर भी प्रकाश डाला गया था। नीरज पांडे द्वारा निर्देशित इस मूवी में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने अहम रोल निभाकर लोकप्रियता हासिल की थी। उनके अलावा कियारा आडवाणी और दिशा पटानी भी नज़र आए थे। भाग मिल्खा भाग- राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म मिल्खा सिंह की जिंदगी की कहानी पर आधारित हैं, जो भारतीय एथलीट रह चुके हैं। 1947 में हुए बंटवारे में मिल्खा सिंह ने अपने परिवार को खो दिया था। कड़ी मेहनत और संघर्षों के बाद उन्होंने सफलता का मुकाम हासिल किया। इस फिल्म में फरहान अख्तर ने लीड रोल निभाया था, जबकि सोनम कपूर और दिव्या दत्ता जैसे कलाकार भी नज़र आए थे।