Commonwealth Games 2022: इस बार भारतीय टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन किया है। टूर्नामेंट के पहले दिन से लेकर आखिरी दिन तक भारत के खिलाड़ियों ने जिस स्तर का प्रदर्शन किया। वह वाकई काबिलेतारीफ है। सबसे खास बात तो यह है कि इस बार भारत के खिलाड़ियों ने लगभग सभी खेलों से कोई न कोई पदक जीता। इस गेम्स के आखिरी दिन पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने बैडमिंटन में गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। तो टेबल टेनिस में शरथ कमल ने भी गोल्ड मेडल जीता। वहीं, हॉकी में इंडिया मेंस टीम ने सिल्वर मेडल जीता।
दूसरी तरफ, इस टूर्नामेंट के आखिरी दिन गोल्ड मेडल की हैट्रिक के बाद इस बार हुए बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games 2022) में भारत कुल 61 मेडल जीतने में कामयाब हो सका है। इन 61 पदकों में 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य पदक शामिल है। भारत के खिलाड़ियों की मेहनत का ही यह असर है कि इस टूर्नामेंट के आखिरी दिन भारत ने न्यूजीलैंड को पछाड़ते हुए चौथा पायदान हासिल किया।
इसके अलावा इस बार हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में पीवी सिंधू ने स्वर्ण पदक हासिल कर कामनवेल्थ गेम्स में पहली बार महिला एकल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने की उपलब्धि अपने नाम की। जबकि इससे पहले तक सिंधू सिर्फ सिल्वर और कांस्य पदक ही हासिल कर पाई थी। तो दूसरी ओर, अपना पहला राष्ट्रमंडल गेम खेल रहे लक्ष्य सेन ने स्वर्ण पदक हासिल कर बहुत बड़ी सफलता दर्ज की।