IPL 2024 : इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन का समापन हो चुका है। फाइनल मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से हराकर आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया। केकेआर ने तीसरी बार आईपीएल का खिताब जीता है। आखिरी बार कोलकाता की टीम ने 2014 में खिताब जीता था। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम ने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया और 10 साल बाद खिताब अपने नाम करने में टीम सफल रही। इस सीजन विभिन्न टीमों में कई ऐसे स्टार खिलाड़ी रहे हैं जो मैदान पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। इन खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन के चलते टीमों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। कई ऐसे स्टार खिलाड़ी हैं जिन पर फ्रेंचाइजी ने भारी राशि खर्च की थी लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी टीम को निराश दिया। आईए जानते आईपीएल 2024 के 5 सबसे बड़े फ्लॉप बल्लेबाजों के बारे में…
मुंबई इंडियंस ने सीजन के शुरू होने से पहले एक बड़ा फैसल लिया। रोहित शर्मा की जगह उन्होंने हार्दिक पांड्या को टीम का नया कप्तान बना दिया। सोशल मीडिया पर इस फैसले का काफी विरोध भी किया गया। इतना ही नहीं पांड्या को इसके लिए सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोल किया गया। फ्रेंचाइजी का यह फैसला कई हद तक गलत साबित हुआ। पांड्या कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी पूरी तरह से फ्लॉप रहे। उन्होंने 14 मैच में 18 की औसत से सिर्फ 216 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट 143.05 की रही। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 46 रन रहा।
आरसीबी के स्टार बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल से टीम को काफी उम्मीदें थी, लेकिन उनका बल्ला इस सीजन बिल्कुल नहीं चला। इतना ही नहीं उन्होंने कई अहम कैच भी छोड़े। मैक्सवेल ने 10 मैच में 5.78 की औसत से सिर्फ 52 रन बनाए हैं। वह एक भी अर्धशतक लगने में असफल रहे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 28 रन रहा और उनकी स्ट्राइक रेट सिर्फ 120.93 की रही। गेंदबाजी में भी वह कुछ खास नहीं कर पाए। उन्होंने 21.50 की औसत से 6 विकेट अपने नाम किए।
मुंबई इंडियंस के स्टार खिलाड़ी ईशान किशन भी इस सीजन कुछ खास नहीं कर पाए। अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए मशूहर ईशान का बल्ल इस बार खामोश नजर आया। कुछ मुकाबलों को छोड़ दिया जाए तो उन्होंने अपनी टीम को निराश ही किया है। ईशान ने 14 मैचों में 22.86 की औसत के साथ 320 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 69 रन का रहा और उनके बल्ले से सिर्फ 1 अर्धशतक निकला। अहम मुकाबलो में जब टीम को उनकी जरूरत थी, तो वह आउट होकर पवेलियन लौट गए।
दिल्ली कैपिटल्स के स्टार खिलाड़ी पृथ्वी शॉ ने फिर एक बार अपने खराब प्रदर्शन से टीम को निराश किया है। आईपीएल 2023 में उन्होंने 8 मैचों में 13.25 की औसत से सिर्फ 106 ही बनाए थे। वहीं, इस सीजन पृथ्वी शॉ ने 8 मैच में 24.75 की औसत से 198 रन बनाए हैं। कई अहम मुकाबलों में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला । पूरे सीजन में उन्होंने सिर्फ 1 ही अर्धशतक लगाया और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 66 रन रहा।\
इस लिस्ट में आखिरी नाम अजिंक्य रहाणे का है। पिछले साल अपने शानदार प्रदर्शन से दिल जीतने वाले अजिंक्य रहाणे इस बार कुछ खास अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। उनके खराब प्रदर्शन के बावजूद उन्हें लगातार टीम के लिए खेलने का मौका मिलता रहा। रहाणे ने 13 मुकाबलों में 20.17 की औसत से सिर्फ 242 रन बनाए। वह एक भी अर्धशतक नहीं बना पाए और और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 45 रन रहा।