IPL 2025 : धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल सीजन 18 का आखिरी मुकाबला गुजरात के खिलाफ खेला। इस मुकाबले में सीएसके को जीत मिली। 10 मैच हारने वाली सीएसके आईपीएल 2025 से बाहर होने वाली पहली टीम बन चुकी है। रविवार को जब धोनी मैदान में उतरे तो ऐसा माना जा रहा था कि ये बतौर खिलाड़ी उनका आखिरी मुकाबला हो सकता है। ऐसे क्यास लगाए जा रहे थे कि यह सीजन उनका आखिरी सीजन हो सकता है। इससी से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए धोनी ने कहा कि वह अभी रांची जाने को काफी उत्सुक हैं और रिटायरमेंट पर सोचने के लिए उनके पास अभी काफी समय है। आइए जानते हैं धोनी से अपने रिटायरमेंट को लेकर क्या कहा।
मैच के बाद धोनी से जब पूछा गया उनके संन्यास को लेकर तो उन्होंने कहा, "ये निर्भर करता है। मेरे पास फैसला करने के लिए चार-पांच महीने हैं। कोई जल्दबाजी नहीं है। आपको अपने शरीर को फिट रखना पड़ता है। आपको अपने बेस्ट देना होता है। अगर क्रिकेटर अपने परफॉर्मेस के कारण रिटायर होंगे तो फिर कुछ तो 22 साल की उम्र में ही रिटायर हो जाएंगे। मैं रांची जाऊंगा, बाइक चलाऊंगा। मैं नहीं कह रहा कि मैं रिटायर हो रहा हूं और न ही मैं ये कहा रहा हूं कि मैं वापस आऊंगा। मेरे पास काफी समय है। मैं इस बारे में सोचूंगा और फिर फैसला लूंगा।"
इस मैच में चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 230 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। उनके सलामी बल्लेबाज डेवन कॉन्वे ने 35 गेंदों पर 52 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे। आयुष महात्रे ने भी 17 गेंदों में 34 रन की तेज पारी खेली, जबकि डेवाल्ड ब्रेविस ने 23 गेंदों पर 57 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल थे। जवाब में, गुजरात की टीम 18.3 ओवर में 147 रनों पर ही सिमट गई। साई सुदर्शन ने 41 रनों के साथ अपनी टीम के लिए सर्वोच्च स्कोर बनाया, लेकिन यह जीत के लिए नाकाफी था।