Turbo Trailer : इस साल की मोस्ट अवेटेड मलयालम फिल्मों में एक ममूटी की आगामी फिल्म 'टर्बो' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। 72 साल के हीरो ममूटी का एक्शन अवतार देख गदर के तारा सिंह भी फेल नजर आते हैं। एक्शन अवतार में ममूटी को कन्नड़ अभिनेता राज बी शेट्टी से भिड़ते हुए दिखाया गया है। साल 2022 में आई परवम के बाद पहली बार फुल फ्लेज मास एंटरटेनर एक्शन फिल्म के साथ ममूटी लौटे हैं। फिल्म का ट्रेलर आते ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा है। सोशल मीडिया पर फिल्म के ट्रेलर को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रिया सामने आ रही है।
2 मिनट 14 सेकंड के ट्रेलर में एक्शन ही एक्शन देखने को मिल रहा है। फिल्म में ममूटी का किरदार काफी दिलचस्प दिखाया गया है, जो दुश्मनों से फाइट करते हुए नजर आ रहा है। वहीं उनके सामने एक और पॉवरफुल मैन आता है जिसका करिदार राज बी शेट्टी ने निभाया है। दोनों के बीच दुश्मनी की वजह का खुलासा नहीं किया गया है। ट्रेलर में एक्शन के साथ कॉमेडी और ह्यूमर का जोड़ भी काफी अच्छे से दिखाया गया है। यह फिल्म 23 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। साल 2022 की 'भीष्म पर्व' के बाद ममूटी की पहली बड़ी फिल्म है। ऐसे में फैंस को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।
पुलिमुरुगन के निर्देशक वैशाख ने फिर एक बार ममूटी के साथ इस फिल्म के लिए हाथ मिलाया है। फिल्म की कहानी अंजाम पथिरा और मिधुन मैनुएल थॉमस ने लिखी है। फिल्म ममूटी के अलावा राज बी शेट्टी, सुनील, अंजना जयप्रकाश, कबीर दुहान सिंह, सिद्दीकी, शबरीश वर्मा और दिलेश पोथान जैसे कलाकार शामिल हैं। पिछले कुछ समय में ममूटी ने कई हिट फिल्में दी है। उन्हें इस फिल्म 'ब्रह्मयुगम' में आखिरी बार देखा गया था। यह फिल्म सिनेमाघरों में हिट साबित हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन राहुल सदासिवन ने किया था और इसमें अभिनेता सिद्धार्थ भारतन और अर्जुन अशोकन भी अहम भूमिका में नजर आए थे। ममूटी अगली बार एक्शन थ्रिलर 'बाजूका' में मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।