Pahalgam Terror Attack: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों का निशाना बनाया। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई। इस बीच एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रही है। इस वीडियो में पहलगाम के शॉल विक्रेता सज्जाद अहमद भट अपने कंधों पर घायल लोगों को उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले जा रहे हैं। बताया जा रहा है उन्होनें कई लोगों की जान बचाई। उन्हें कश्मीर का हीरो बताया जा रहा है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने भावुक होते हुए कहा, ‘‘पहलगाम पोनी एसोसिएशन के अध्यक्ष अब्दुल वहीद वान ने हमारे समूह में बैसरन घाटी में हुई घटना के बारे में मैसेज दिया था। इसलिए हम उनके साथ गए और दोपहर 3 बजे के आसपास उस स्थान पर पहुंचे। हमने घायलों को पानी पिलाया और जो लोग चल नहीं सकते थे उन्हें उठाया। पर्यटकों की मदद करना हमारा कर्तव्य है, क्योंकि वे हमारे मेहमान हैं और हमारी आजीविका उन पर निर्भर करती है। मेरे लिए धर्म से पहले इंसानियत आती है। हम उनमें से कई को अस्पताल लेकर आए। हमें अपनी जान की परवाह नहीं थी क्योंकि जब हम वहां गए तो लोग मदद की गुहार लगा रहे थे। जब मैंने पर्यटकों को रोते हुए देखा तो मेरी आंखों में आंसू आ गए। उनके आने से हमारे घरों में दिए जल उठते हैं। उनके बिना हमारी जिंदगी अधूरी है।’’