World Population Day 2024: विश्व जनसंख्या दिवस हर साल 11 जुलाई को मनाया जाता है। विश्व जनसंख्या दिवस एक महत्वपूर्ण अवसर है जो हमें जनसंख्या वृद्धि से संबंधित मुद्दों के बारे में जागरूक करने और समाधान खोजने के लिए प्रेरित करता है। इस दिन के माध्यम से सभी मिलकर एक बेहतर और संतुलित भविष्य की ओर कदम बढ़ा सकते हैं। आइए हैं इस दिन की थीम, इतिहास और महत्व
विश्व जनसंख्या दिवस की शुरुआत 11 जुलाई 1989 को संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) द्वारा की गई थी। इस दिन का चयन 11 जुलाई 1987 को "डे ऑफ फाइव बिलियन" के रूप में मनाए जाने वाले दिन के कारण हुआ, जब वैश्विक जनसंख्या ने 5 बिलियन का आंकड़ा पार किया था। इस दिन को मनाने का उद्देश्य जनसंख्या वृद्धि से संबंधित मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसके समाधान के लिए कदम उठाना था। फ़िलहाल विश्व की जनसंख्या 8 अरब से ज्यादा है।
प्रत्येक वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की एक विशेष थीम होती है जो उस समय के प्रमुख मुद्दों और चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित करती है। थीम का चयन वर्तमान समय की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के आधार पर किया जाता है, जैसे कि परिवार नियोजन, लैंगिक समानता, युवा सशक्तिकरण, और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता आदि।
विश्व जनसंख्या दिवस का मुख्य उद्देश्य तेजी से बढ़ती जनसंख्या के प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है, जिसमें गरीबी, पर्यावरणीय क्षति, स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव, और शिक्षा की कमी शामिल है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि प्राकृतिक संसाधनों का सही उपयोग और संरक्षण कितना महत्वपूर्ण है ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी इनका लाभ उठा सकें। इस दिन के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, और लैंगिक समानता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाता है। सरकारों और संगठनों को जनसंख्या नियंत्रण और जनसंख्या वृद्धि से संबंधित नीतियों के निर्माण और क्रियान्वयन के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।