IPL 2024 : आईपीएल 2024 का आगाज होने में अब कुछ ही दिन रह गए हैं। इस सीजन का पहला मुकाबला 22 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाना है। हर साल आईपीएल में कई युवा खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिलता है, तो वहीं सीनियर्स खिलाड़ी टीम के मार्गदर्शन में अहम भूमिका निभाते हैं। सीनियर्स खिलाड़ियों का अनुभव और युवा खिलाड़ियों का जोश अगर एक हो जाए तो मुश्किल से मुश्किल मैच को आसानी से जीता जा सकता है। इस लेख में हम आपको आईपीएल 2024 के सबसे उम्रदराज और युवा खिलाड़ी के बारे में बता रहे हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की उम्र 42 साल हैं और वो आईपीएल 2024 के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। धोनी का जन्म 7 जुलाई 1981 में हुआ था। वह इंडियन प्रीमियर लीग के पहले सीजन से खेल रहे हैं। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल का खिताब 5 बार अपने नाम किया है। उन्हें आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में से एक माना जाता है। उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन पर नजर डालें तो, माही ने आईपीएल में कुल 250 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 38.79 की औसत से 5,082 बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 24 अर्धशतकीय पारी खेली हैं। इतना ही नहीं वह आईपीएल इतिहास के सबसे सफल विकेट कीपर भी हैं। माही ने विकेट के पीछे से 180 बार बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया है। माही जरूर 42 साल के हो चुके हैं लेकिन उनकी फिट्नस अभी भी कई युवा खिलाड़ियों से काफी बेहतर है।
आईपीएल 2024 के सबसे युवा खिलाड़ी की बात करें तो, इस साल अंगकृष रघुवंशी सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। रघुवंशी का जन्म 5 जून 2005 को दिल्ली में हुआ था। आईपीएल 2024 के ऑक्शन में कोलकाता की टीम ने उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा है। 2022 में दक्षिण अफ्रीका में हुए अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में रघुवंशी ने शानदार प्रदर्शन किया था। अंगकृष ने 6 मैचों में 46.33 की औसत से 278 रन बनाए। इसमें एक शतक और एक अर्धशतकीय पारी भी शामिल है।