Yograj on Dhoni : पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह फिर एक बार अपनी बयानबाजी को लेकर सुर्खियों में चल रहे हैं। उन्होंने अपने एक इंटरव्यू में महेंद्र सिंह धोनी और कपिल देव पर निशाना साधा है। ऐसा पहली बार नहीं है जब उन्होंने धोनी और कपिल पर निशाना साधा हो। इससे पहले भी योगराज सिंह कई बार धोनी को लेकर बयानबाजी कर चुके हैं। उन्होंने धोनी पर युवराज का करियर बर्बाद करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं योगराज सिंह ने कपिल देव के साथ अपने तल्ख संबंधों पर खुलकर अपनी बात रखी। आइए जानते हैं कि योगराज ने इन दोनों दिग्गजों के बारे में क्या कहा।
दरअसल, जी स्विच यूट्यूब चैनल से बातचीत के दौरान योगराज सिंह ने धोनी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "मैं धोनी को कभी माफ नहीं करूंगा। उन्हें अपना चेहरा आईने में देखना चाहिए। वह एक बहुत बड़े क्रिकेटर हैं, लेकिन उन्होंने मेरे बेटे के खिलाफ जो किया है, वह सब अब सामने आ रहा है। इसे जीवन में कभी माफ नहीं किया जा सकता है। मैंने जीवन में कभी दो चीजें नहीं कीं - पहला, मैंने कभी किसी को माफ नहीं किया जिसने मेरे साथ गलत किया और दूसरा, मैंने अपने जीवन में कभी भी उन्हें गले नहीं लगाया, चाहे वह मेरे परिवार के सदस्य हों या मेरे बच्चे हों।"
उन्होंने आगे कहा कि धोनी के चलते युवराज को 4-5 साल पहले रिटायरमेंट लेना पड़ा, नहीं तो वह और खेल सकता था। योगराज सिंह ने युवराज के जल्दी संन्यास के लिए धोनी को जिम्मेदार ठहराया। इतना ही नहीं उन्होंने आगे कहा कि मैं हर किसी को युवराज जैसे बेटे को जन्म देने की चुनौती देता हूं। यहां तक गंभीर और सहवाग भी पहले कहा चुके हैं कि कोई दूसरा युवराज सिंह नहीं होगा। उन्होंने युवराज को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग भी की। बता दें कि धोनी की कप्तानी में ही युवराज अपने पिक पर थे। युवी ने भारत के लिए 2007 टी20 और 2011 वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था, जिसके चलते भारतीय टीम चैंपियन बनी थी।
लेकर योगराज ने कपिल देव को लेकर कहा, “मैं जिंदगी में लोगों को दिखाना चाहता हूं कि योगराज सिंह क्या है। जिसको तुमने नीचे गिराया, आज पूरी दुनिया के उसके पैरों के नीचे है, सलाम करती है और वो लोग जिन्होंने बहुत बुरा किया था किसी को कैंसर है तो किसी का घर टूट गया। कोई मर गया और किसी के घर बेटा नहीं हुआ। आप समझ सकते हो मैं किसकी बात कर रहा हूं। उस आदमी ने जो किया वह आपके ग्रेटेस्ट कैप्टन ऑफ ऑल टाइम मिस्टर कपिल देव हैं। मैंने उससे कहा था कि वो हाल करके छोडूंगा कि दुनिया थूकेगी तुझ पर। आज युवराज सिंह के पास 13 ट्रॉफी है और तेरे पास क्या है सिर्फ एक वर्ल्ड कप।” योगराज के इस बयान पर अभी तक कपिल देव ने कोई रिएक्शन नहीं दिया है।