IND vs SL : बांग्लादेश के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारत ने 7 विकेट से शानदार जीत हासिल की। इसी के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। भारत की इस जीत में भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का खेल दिखाया। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बांग्लादेश की टीम ने पहले खेलते हुए 127 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को हासिल कर लिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 207.14 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 2 चौके और 3 छक्के की मदद से 29 रन की पारी खेली। ऐसा कर सूर्या ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
बांग्लादेश के खिलाफ ग्वालियर में खेले गए पहले टी20 मैच में 3 छक्के लगाते ही सूर्यकुमार ने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। सूर्या टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में अबतक कुल 139 छक्के लगाए हैं। भारत के लिए खेलते हुए रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में सबसे अधिक 205 छक्के लगाए हैं। इसके अलावा ओवरऑल टीम में सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में सूर्या चौथे स्थान पर मौजूद हैं।
1. रोहित शर्मा (भारत) - 205 छक्के
2. मार्टिन गप्टिल (न्यूजीलैंड) - 173 छक्के
3. निकोलस पूरन (वेस्टइंडीज) - 144 छक्के
4. सूर्यकुमार यादव (भारत) - 139 छक्के
5. जोस बटलर (इंग्लैंड) - 137 छक्के
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के रोहित शर्मा ने लगाए हैं। उनके नाम टी20 इंटरनेशनल में 205 छक्के जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। रोहित टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। उनके अलावा अभी तक कोई दूसरा बल्लेबाज ऐसा नहीं कर पाया है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर मार्टिन गप्टिल हैं, जिन्होंने 173 छक्के लगाए हैं। टी20 इंटरनेशनल में 144 छक्के लगाते हुए निकोलस पूरन तीसरे स्थान पर हैं और अब इस लिस्ट में सूर्या चौथे स्थान पर आ चुके हैं।
भारत ने रविवार को खेले गए तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 49 गेंद शेष रहते 7 विकेट से हरा दिया। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रन बनाए थे, जिसे भारत ने 8.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की जीत में हार्दिक पांड्या का सबसे बड़ा योगदान रहा। उन्होंने महज 16 गेंदों में 39 रन बनाए जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनके अलावा संजू सैमसन ने 29 और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 29 रन बनाए। नितीश कुमार रेड्डी 16 रन बनाकर नाबाद रहे।